Wednesday, March 3, 2021

इस कदर अवैध रेत खनन कि शिवनाथ की दिशा ही बदल गई-विधानसभा में हंगामा

इस कदर अवैध रेत खनन कि शिवनाथ की दिशा ही बदल गई-विधानसभा में हंगामा

प्रेस छत्तीसगढ़ महिमा रायपुर। 3 मार्च 2021, छत्तीसगढ़ विधानसभा में  अवैध रेत खनन का मामला जमकर उठा। विपक्षी भाजपा विधायकों ने आरोप लगाया कि पूरे छत्तीसगढ़ की नदियों में रेत माफिया सक्रिय है। अवैध रेत खनन का ही नतीजा है कि शिवनाथ नदी की दिशा बदल गई है। विपक्ष ने सारे कामकाज रोककर इस पर तत्काल चर्चा करवाने की मांग की। शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि पूरे प्रदेश में रेत माफिया सक्रिय है। सरकार के संरक्षण में रेत का अवैध उत्खनन हो रहा है। गर्मियों में पानी का संकट नहीं होने पाए के लिए जो एनीकट बनाए गए थे कहीं-कहीं पर तोड़ तक दिए गए हैं, ताकि पानी के बहाव में रेत निकाली जा सके। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र पाटन में ही नज़र डाल लें। वहां सुबह 4 बजे 200 से 300 ट्रेक्टर अवैध ढुलाई करते दिख जाएंगे। रेत के ही कारण जगह - जगह हाईवा चल रहे हैं, जिससे एक्सीडेंट हो रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि इस पर जो स्थगन दिया गया है चर्चा कराई जाए। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने कहा कि मोहला मानपुर जिले के ग्राम तोलुम में रेत का इस कदर उत्खनन हुआ है कि शिवनाथ नदी की दिशा ही बदल गई है। इससे बारिश का पानी आसपास के गांव में भी आ सकता है। पहले ग्राम पंचायतें रेत उत्खनन का संचालन किया करती थीं। अब मानो देश भर के शराब माफिया खनन हेतु नदी में उतर गए हैं। इससे ना सिर्फ रायल्टी अपितु पर्यावरण का भी नुकसान हो रहा है। विपक्षी सदस्य अजय चंद्राकर ने कहा कि दारू वाले रेत खोद रहे हैं। यही कारण है कि रेत का दाम आसमान छू रहा है। सर्च लाइट लगाकर रेत निकाली जा रही है।विपक्षी सदस्य शिवरतन शर्मा ने कहा कि अधिकारीगण चाह कर भी दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं। रेत माफियाओं को प्रदेश सरकार का संरक्षण मिला हुआ है। क्या रेत माफिया इतने ताकतवर हो गए हैं कि सरकार ने रेत नीति की जो घोषणा की थी उसे किनारे लगा दिया गया है। विपक्षी सदस्य नारायण चंदेल ने कहा कि महानदी,अरपा,हसदेव,खारून,शिवनाथ समेत और कई नदियां हैं,जहां रात में अवैध रेत उत्खनन हो रहा है। यहां की रेत उत्तर प्रदेश व अन्य राज्यों में 50 से 60 हजार तक डम्फर के हिसाब से बिक रही है।जनता कांग्रेस विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि रेत खनन मानो दूधारू गया हो गया है। सत्ता पक्ष से अवैध खनन के लिए सिग्नल मिला हुआ है। अफसर सुनने को तैयार नहीं हैं। भाजपा विधायक गण पुन्नूलाल मोहले, डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी,सौरभ सिंह,रजनीश कुमार सिंह, डमरूधर पूजारी एवं रंजना डिपेन्द्र साहू ने भी अवैध रेत खनन पर लाए गए स्थगन पर चर्चा कराने की मांग उठाई। विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी व्दारा यह कहे जाने पर कि आप लोगों की स्थगन की सूचना विचाराधीन है,विपक्षियों की तरफ शोर शराबा होने लगा। नारेबाजी भी हुई। उपाध्यक्ष व्दारा यह आश्वस्त किए जाने पर कि किसी अन्य माध्यम से इस पर चर्चा करा ली जाएगी,तब जाकर शोरगुल थमा।

No comments:

Post a Comment

चुनिंदा पोस्ट

सहकारिता से जन कल्याण संभव होगा,कहते हैं बिना संस्कार नहीं सहकार, बिना सहकार नहीं उद्धार: सहकारिता मंत्री केदार कश्यप

रायपुर (छत्तीसगढ़ महिमा)। 02 सितंबर 2024, पहला मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है, इसलिए सहकार तो उसके मूल्य में है लेकिन जब आर्थिक गति...

Popular Posts